नव नियुक्त प्रबंध निदेशक बोले— स्मार्ट तकनीक, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और जवाबदेह कार्यसंस्कृति से बनेगी देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को नया नेतृत्व मिल गया है। उत्तराखंड शासन द्वारा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संपन्न चयन प्रक्रिया के बाद वरिष्ठ ऊर्जा विशेषज्ञ पी.सी. ध्यानी ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। ऊर्जा क्षेत्र में लगभग चार दशक के अनुभव के साथ ध्यानी की नियुक्ति को निगम के लिए नई दिशा और नई कार्यसंस्कृति की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। कार्यभार संभालने के बाद ध्यानी ने स्पष्ट किया कि उनका प्रमुख उद्देश्य यूपीसीएल को उपभोक्ता-केंद्रित, तकनीक आधारित, पारदर्शी और वित्तीय रूप से सुदृढ़ विद्युत वितरण कंपनी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। चार दशक का अनुभव, ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत प्रशासनिक पहचान पी.सी. ध्यानी ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 1988 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद (हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर) से अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं तकनीकी पदों पर कार्य करते हुए ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक अनुभव अर्जित किया। वे पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत रहे हैं तथा प्रभारी प्रबंध निदेशक के रूप में भी संस्था का सफल नेतृत्व किया। इससे पहले वर्ष 2016 से लगभग चार वर्षों तक यूपीसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में सेवाएं देने के कारण उन्हें निगम की कार्यप्रणाली, चुनौतियों और संभावनाओं की गहरी समझ है। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अधिकारी मानते हैं कि ध्यानी अपनी सरल कार्यशैली, ईमानदारी, पारदर्शिता और परिणाम आधारित प्रशासन के लिए पहचाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में पिटकुल ने परियोजना प्रबंधन, प्रशासनिक दक्षता और संगठनात्मक कार्यसंस्कृति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किए। उपभोक्ता सेवाओं को मिलेगा नई तकनीक का साथ कार्यभार ग्रहण करने के बाद ध्यानी ने कहा कि आने वाले समय में यूपीसीएल की सेवाओं को पूरी तरह उपभोक्ता केंद्रित बनाया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट तकनीकों का अधिकतम उपयोग, डिजिटल सेवाओं का विस्तार और शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण नेटवर्क को आधुनिक बनाया जाएगा ताकि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में भी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बिजली चोरी पर नियंत्रण और राजस्व सुधार पर रहेगा जोर नव नियुक्त प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत चोरी रोकने, बिलिंग प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने तथा राजस्व संग्रहण में सुधार के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए। उनका कहना है कि मजबूत वित्तीय व्यवस्था और कुशल परिचालन से ही उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग, विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण तथा तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी बल दिया। कर्मचारी हितों को भी मिलेगी प्राथमिकता पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि निगम की सफलता कर्मचारियों के सहयोग और विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक कार्यसंस्कृति और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया जाएगा, जिससे संगठन की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। मानसून और कुंभ की तैयारियों पर विशेष जोर उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले दिव्य एवं भव्य कुंभ मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से व्यापक तैयारी करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में बिजली आपूर्ति केवल सेवा नहीं बल्कि जनजीवन की मूल आवश्यकता है। इसलिए आपातकालीन परिस्थितियों में भी विद्युत व्यवस्था सुचारु बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उत्तराखंड सरकार के प्रति जताया आभार कार्यभार ग्रहण करने के बाद ध्यानी ने उत्तराखंड सरकार तथा मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन पर व्यक्त किए गए विश्वास को वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से यूपीसीएल आने वाले वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर निवर्तमान प्रबंध निदेशक जी.एस. बुदियाल ने पी.सी. ध्यानी को शुभकामनाएं दीं। उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन, लेखा संवर्ग, हाइड्रो इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने उनका स्वागत किया। समारोह में निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक, मुख्य अभियंता जसवंत सिंह, अमित कुमार, कंपनी सचिव प्रियंका दुआ सहित निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। Post navigation कानून के राज और शिक्षा सुधार पर भाजपा का जोर, कांग्रेस पर साधा निशाना जोशीमठ में अवैध मदरसे को लेकर बजरंग दल-विहिप का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन