देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी हाकम सिंह की करीब 63 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि हाकम सिंह ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा और वीपीडीओ (VPDO) भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से करीब एक करोड़ रुपये की अवैध वसूली की थी।

जांच में कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई

जांच एजेंसी के अनुसार, परीक्षा आयोजित करने वाली आरएमएस टेक सॉल्यूशन के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। ईडी इन पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच जारी

प्रवर्तन निदेशालय फिलहाल इस पूरे प्रकरण में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रहा है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि भर्ती घोटाले से अर्जित कथित अवैध धन का उपयोग किन-किन माध्यमों से किया गया और उससे कौन-कौन लाभान्वित हुआ।

यह कार्रवाई उत्तराखंड के चर्चित UKSSSC पेपर लीक मामले में ईडी की अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *