देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचकर केंद्र का निरीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी अपील में कहा गया है कि प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश, आकाशीय बिजली और खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में परीक्षार्थियों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली कड़कने और तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे हालात में सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं, जिससे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी हो सकती है।

चारधाम यात्रा और नीम करौली बाबा उत्सव से बढ़ेगा ट्रैफिक

आयोग ने बताया कि नैनीताल जिले में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव के चलते नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। वहीं चारधाम यात्रा के कारण देहरादून, ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी वाहनों की भारी आवाजाही बनी हुई है।

इसके अलावा 13 और 14 जून को सप्ताहांत होने के कारण प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिससे देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल समेत कई जिलों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने सभी 13 जिलों के पुलिस नियंत्रण कक्ष और जिला आपदा प्रबंधन केंद्रों के दूरभाष नंबर भी जारी किए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थी इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

समय से पहुंचने की सलाह

यूकेएसएसएससी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित बाधा से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले से देख लें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचें। आयोग का कहना है कि समय पर पहुंचना और यात्रा की अग्रिम योजना बनाना अभ्यर्थियों के हित में होगा।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *