देहरादून (राजकुमार दक्ष)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर कहा कि यह कालखंड भारत की प्रगति, विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक विकासशील देश की छवि से निकलकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान स्थापित करने के साथ ही देश को आत्मविश्वास से भरा, सुरक्षित और विश्व मंच पर सम्मानित राष्ट्र बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का ऐतिहासिक कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन चुका था, लेकिन मोदी सरकार ने डिजिटल क्रांति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए। आज भारत दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल लेन-देन करने वाला देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि देश के सांस्कृतिक और धार्मिक पुनर्जागरण को भी नई दिशा दी है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के साथ काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ, बदरीनाथ, महाकाल लोक और सोमनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों का भव्य विकास किया गया है। सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान और 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। उत्तराखंड को मिला विकास का विशेष लाभ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड से विशेष लगाव के कारण राज्य को अभूतपूर्व विकास परियोजनाओं का लाभ मिला है। वर्तमान में प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं संचालित हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं ने उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर, केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। वहीं वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2.54 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि माणा गांव को प्रधानमंत्री मोदी ने देश का पहला गांव बताया था और आज यह गांव शत-प्रतिशत लखपति दीदी वाला गांव बन चुका है। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी: महेंद्र भट्ट कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, वैश्विक प्रतिष्ठा और जनकल्याण की गौरवशाली यात्रा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए अवसर, डिजिटल क्रांति और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक नेतृत्व वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। Post navigation UKSSSC परीक्षा 2026: भारी बारिश और ट्रैफिक की आशंका, अभ्यर्थियों से एक दिन पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों के लिए उम्मीद की किरण, डीएम आशीष चौहान ने शुरू कराया विशेष अभियान