देहरादून। राजधानी देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने एक अभिनव डिजिटल पहल की शुरुआत की है। अब जनपदवासी अपने क्षेत्र में गंदगी, बंद स्ट्रीट लाइट, टूटी सड़क, खराब ट्रैफिक सिग्नल या चोक नालियों जैसी समस्याओं की शिकायत सीधे सोशल मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में नगर निगम, नगर निकायों और कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और जनता की सहभागिता से ही देहरादून को देश के सबसे स्वच्छ और बेहतर शहरों में शामिल किया जा सकता है।

फेसबुक और इंस्टाग्राम पर करें शिकायत

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास सफाई व्यवस्था, सड़क, स्ट्रीट लाइट या अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कोई समस्या है तो उसकी स्पष्ट तस्वीर खींचकर लोकेशन और संक्षिप्त विवरण के साथ ‘डीआईपीआर देहरादून’ के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज को टैग करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा तत्काल संज्ञान लिया जाएगा और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर उतरने के निर्देश

बैठक के दौरान डीएम आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है। अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना होगा और समस्याओं के स्थायी समाधान पर काम करना होगा।

कूड़ा प्रबंधन की होगी माइक्रो मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी ने नगर निगम, जिला पंचायत और कैंटोनमेंट बोर्ड को कूड़ा निस्तारण के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे स्थानों को चिन्हित करने को कहा गया जहां नियमित रूप से कचरा जमा होता है।

उन्होंने कहा कि इन गार्बेज पॉइंट्स के स्थायी समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए और कूड़ा उठान व्यवस्था की माइक्रो लेवल पर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जनता की भागीदारी से बदलेगी तस्वीर

प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने का सरल माध्यम मिलेगा। अक्सर सोशल मीडिया पर समस्याओं की तस्वीरें साझा तो होती हैं, लेकिन वे संबंधित विभागों तक नहीं पहुंच पातीं। नई व्यवस्था के तहत शिकायतों का सीधा संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, एसडीएम डोईवाला अपर्णा ढोंडियाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य निकायों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *