देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 और 29 मई को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिला प्रशासन को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

29 मई को भी मौसम का असर जारी रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इनमें उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने 30 मई को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तथा 31 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं बारिश की संभावना से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *