देहरादून। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून के उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं। फिलहाल राज्य में प्री-मानसून बौछारें सक्रिय हैं, जिसके चलते शनिवार और रविवार को देहरादून समेत राज्य के पहाड़ी जिलों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी तरफ, मैदानी जिलों में अभी भीषण गर्मी और उमस का प्रकोप बना हुआ है। राजधानी देहरादून में शनिवार को काफी गर्मी रही। रविवार को गर्मी के साथ-साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आंधी और आसमानी बिजली चमकने की चेतावनी यानी येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि कहीं कहीं दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। रविवार को पारे में बढ़त देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दोपहर बाद 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चलने, बिजली कड़कने और तीव्र बारिश आने की संभावना है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कई स्थानों पर बारिश, बाकी पहाड़ी इलाकों में बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर के छिटपुट इलाकों में हल्की गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन मैदानी इलाकों में बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों तक उत्तराखंड के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, यानी मैदानी इलाकों में उमस वाली गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, 29 जून से राज्य के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के पूर्वानुमान के बाद अलर्ट जारी किया है। ऋषिकेश और देहरादून से पहाड़ी रास्तों पर आगे बढ़ रहे यात्रियों से अपील की गई है कि वे लैंडस्लाइड (भूस्खलन) संभावित क्षेत्रों में मौसम के ताजा अपडेट्स देखकर और बेहद सावधानी से सफर करें। Post navigation कुल्हाल बॉर्डर पर तोड़फोड़ मामला, अज्ञात निहंगों पर मुकदमा दर्ज, सुरक्षा की कड़ी पेट्रोल पंपों से देशभर तक पहुंचेगा पहाड़ का स्वाद, महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार