देहरादून। राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का भय दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर एक महिला से 65 तोला सोना ठग लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 तोला सोना और आभूषण बेचकर प्राप्त किए गए 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसएसपी देहरादून परबिंदर सिंह डोभाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी वर्षों से तंत्र-मंत्र और भविष्यवाणी के नाम पर लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था।

महिला को अनिष्ट का भय दिखाकर रची साजिश

सेलाकुई के शहीद थापा मार्ग निवासी ओशीन गुरुंग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब ढाई माह पहले राहुल थापा ने उन्हें और उनके परिवार को किसी बड़े अनिष्ट का डर दिखाया। आरोपी ने दावा किया कि उनके घर पर जादू-टोना किया गया है और इससे बचने के लिए विशेष अनुष्ठान कराना जरूरी है।

पूजा और अनुष्ठान के बहाने आरोपी ने महिला के घर में मौजूद कीमती आभूषणों पर नजर गड़ा ली और योजनाबद्ध तरीके से 65 तोला सोना गायब कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ऐसे खुला ठगी का राज

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी राहुल थापा निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 150 ग्राम सोने के बिस्कुटनुमा बार तथा आभूषण बेचकर प्राप्त की गई 5 लाख रुपये की नकदी बरामद की। इसके बाद उसे विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

घरों में खुद फेंकता था ‘जादू-टोने’ की पोटली

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई का काम कर रहा है और लोगों की कुंडली देखने तथा माता की चौकी लगाने का कार्य करता था।

अधिक पैसे कमाने के लालच में उसने नई ठगी की तरकीब निकाली। वह रात के समय अपने संपन्न शिष्यों के घरों के बाहर चुपके से काले कपड़े में उड़द की दाल, नींबू, रोली, लौंग और अन्य सामग्री बांधकर पोटली फेंक देता था। अगले दिन फोन कर दावा करता था कि उसे सपना आया है और किसी ने उनके घर पर जादू-टोना किया है।

इसके बाद वह पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता और लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसा लेता था।

रिश्तेदारी का फायदा उठाकर बनाया शिकार

राहुल थापा ने पुलिस को बताया कि वह ओशीन गुरुंग को लंबे समय से जानता था और वह उसकी दूर की रिश्तेदार भी हैं। उसे पता था कि ओशीन अपने परिवार की इकलौती बेटी हैं और उनके पास काफी मात्रा में कीमती आभूषण हैं।

योजना के तहत 1 मार्च 2026 की रात वह स्कूटी से महिला के घर पहुंचा और गेट के अंदर जादू-टोने की सामग्री से भरी पोटली फेंक दी। अगले दिन उसने महिला को फोन कर घर में बड़े अनिष्ट का खतरा बताया और पूजा-अनुष्ठान के नाम पर एक संदूक मंगवाया। इसी दौरान उसने सोने के आभूषणों को गायब कर दिया।

अंधविश्वास के खिलाफ सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और अनिष्ट के भय दिखाकर ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *