चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में अलग-अलग हादसों से पसरा मातम

देहरादून/उत्तरकाशी/अल्मोड़ा । उत्तराखंड में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जिलों में हुई दुर्घटनाओं में महाराष्ट्र के श्रद्धालु दंपति सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।


शव लेकर गांव लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चमोली में खाई में गिरा वाहन, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

चमोली जिले के देवाल विकासखंड स्थित ल्वाणी गांव के समीप रुपकुंड मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार लोग देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो चुके अपने परिजन भजन सिंह का शव लेकर अपने गांव बांक, लोहाजंग लौट रहे थे। शव एक निजी एंबुलेंस में था, जबकि परिजन अलग वाहन में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान चालक बलबीर सिंह बिष्ट (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


गंगोत्री यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी

उत्तरकाशी के गंगनानी में महाराष्ट्र के दंपति की मौत

दूसरी दुर्घटना उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र अंतर्गत गंगनानी में हुई। शुक्रवार देर रात एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे में महाराष्ट्र के नागपुर निवासी श्रद्धालु दंपति दामोदर हरीराम रामटेककर (77 वर्ष) और उनकी पत्नी लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में तीन अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनमें भुवनेश्वर (ओडिशा) निवासी विमल कुमार प्रधान (67 वर्ष), उनकी पत्नी उपासना प्रधान (54 वर्ष) तथा पंजाब निवासी यशवीर शामिल हैं।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे तथा दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाया।


अल्मोड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में समाई

दो युवकों की मौके पर मौत

तीसरी घटना अल्मोड़ा जिले के बागेश्वर रोड स्थित गधोली गांव के पास हुई। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार उमेश (22 वर्ष), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) और चत्ते राजी (26 वर्ष), नेपाली नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


लगातार सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। संकरी सड़कों, गहरी खाइयों और बरसात से पहले बिगड़ती सड़क स्थितियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन द्वारा लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *