देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नैनीताल जनपद की प्रमुख झीलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विकास को लेकर बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल और अन्य विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सचिव ने झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन अवसंरचना के विस्तार तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संचालित और प्रस्तावित योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। भीमताल झील के सौंदर्यीकरण पर 25.67 करोड़ रुपये खर्च भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। योजना के तहत झील क्षेत्र में पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक का निर्माण, 4.21 किलोमीटर लंबा कॉबल स्टोन वॉकवे, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, सोलर स्ट्रीट लाइट और आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर स्थापित किए जाएंगे। नौकुचियाताल में बढ़ेंगी पर्यटन सुविधाएं नौकुचियाताल झील के विकास के लिए करीब 20.97 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, फ्लोटिंग जेट्टी, 2.08 किलोमीटर लंबा पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, गज़ीबो, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अधिकारियों को इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण कमलताल क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास की योजना बनाई गई है। यहां ओपन शॉपिंग प्लाज़ा, 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर वॉकवे, पार्किंग, सोलर लाइटिंग और आकर्षक लैंडस्केपिंग का निर्माण प्रस्तावित है। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। भवाली मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना अंतिम चरण में भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत 124 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जा रही है, जबकि भूतल और प्रथम तल पर करीब 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। सचिव ने शेष कार्य जल्द पूरा कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। नैनीताल में पार्किंग संकट के समाधान की तैयारी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए नैनीताल में नई पार्किंग परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। मल्लीताल स्थित सरोवर पार्किंग परियोजना पर 42.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जहां 605 चारपहिया और 202 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा नैनीताल क्लब के निकट नगर पालिका भूमि पर 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव है, जिसमें 202 कारों और 96 दोपहिया वाहनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। अधूरे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर कार्य लंबित है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में बदलाव करने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया। उन्होंने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। पर्यटन और यातायात व्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नैनीताल जनपद में पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही झीलों का संरक्षण, यातायात प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। Post navigation तुंगनाथ-चोपता में मौसम का कहर: तेज तूफान में लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत, कई पर्यटक फंसे, चला युद्धस्तरीय रेस्क्यू अभियान उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसे: तीन दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत, छह घायल