डिजिटल मीडिया के दौर में तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर फेक न्यूज और जल्दबाजी की पत्रकारिता पर विशेषज्ञों ने जताई चिंता वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों और पत्रकार संगठनों को किया सम्मानित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित हुआ गरिमामयी समारोह देहरादून। उत्तराखंड के पत्रकारों के सबसे बड़े और अग्रणी संगठन देवभूमि पत्रकार यूनियन द्वारा पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को एक भव्य, गरिमामयी और विचारोत्तेजक समारोह का आयोजन किया गया। उत्तरांचल प्रेस क्लब के खचाखच भरे सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेशभर के वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी, राजनेता और विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य विषय ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं फेक न्यूज की चुनौती’ रखा गया, जिस पर मंच से वक्ताओं ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मीडिया की जिम्मेदारी और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे देश के प्रसिद्ध चिकित्सक, समाजसेवी एवं पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने वर्तमान मीडिया परिदृश्य पर बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा कि आज की पत्रकारिता काफी हद तक “फास्ट फूड” जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले खबर दिखाने और वायरल करने की होड़ में समाचारों की गहराई, तथ्य जांच और सत्यता प्रभावित हो रही है, जो समाज के लिए खतरनाक संकेत हैं। उन्होंने पत्रकारों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आह्वान किया। वहीं कार्यक्रम के दूसरे मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उससे जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्रांति ने सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहद तेज कर दिया है, लेकिन इसके साथ ही फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जिम्मेदार पत्रकारिता ही मीडिया की विश्वसनीयता को बचा सकती है। विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री विनोद उनियाल और कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भी पत्रकारिता की बदलती भूमिका, लोकतंत्र में मीडिया के महत्व और समाज के प्रति उसकी जवाबदेही पर अपने विचार रखे। विषय वक्ता राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के तकनीकी पक्ष, सोशल मीडिया के प्रभाव और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान पंडित सुभाष जोशी और इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल ने भी अपने विचार रखते हुए मीडिया की सकारात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान देवभूमि पत्रकार यूनियन द्वारा पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई विभूतियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) एकता शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों, पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों को पारंपरिक अंग वस्त्र, मोतियों की माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेडा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा सहित सैकड़ों पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और समाज में मीडिया की जिम्मेदारी को लेकर हुई चर्चा को उपस्थित लोगों ने बेहद सार्थक और उपयोगी बताया। Post navigation सरकार पहले उपनल संविदा कर्मियों को दे न्यूनतम वेतनमान : हाईकोर्ट उत्तराखंड चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बनाई रणनीति