देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा माटी कला बोर्ड में की गई नियुक्तियों को लेकर प्रजापति (कुम्हार) समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने अनुराधा वालिया को बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के निर्णय का विरोध करते हुए इसे समाज की भावनाओं के विपरीत बताया है।

रविवार को सचिवालय के निकट यश प्रतिष्ठान में आयोजित प्रजापति सामाजिक संस्था की बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि माटी कला बोर्ड का गठन विशेष रूप से कुम्हार समाज के पारंपरिक व्यवसाय और उनके हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से किया गया था। ऐसे में बोर्ड के महत्वपूर्ण पदों पर समाज के लोगों को ही प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

संस्था के संरक्षक राम सिंह ने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रजापति समाज को आश्वासन दिया था कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार बनेगी, वहां माटी कला बोर्ड में समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में बोर्ड में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी जा रही है, जिनका माटी कला और कुम्हार समुदाय से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।

संस्था के अध्यक्ष आर.के. दक्ष ने कहा कि प्रजापति समाज सदियों से मिट्टी के बर्तन और माटी कला से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाता आया है। इसलिए बोर्ड के शीर्ष पदों पर समाज के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से समाज में असंतोष का माहौल है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार नियुक्तियों पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के बहिष्कार पर विचार किया जाएगा। बैठक में रमेश प्रजापति, बाबू सिंह प्रजापति, संदीप प्रजापति, यश कुमार, नवीन प्रजापति, अंकित प्रजापति समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाज के लोग उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

उधर, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप सिंहानिया प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपकर माटी कला बोर्ड में गैर-कुम्हार व्यक्तियों की नियुक्तियों पर आपत्ति जताई।

ज्ञापन में कहा गया कि इन नियुक्तियों से प्रजापति समाज में व्यापक असंतोष व्याप्त है और सरकार को इस मामले में पुनर्विचार करना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में देहरादून महानगर अध्यक्ष प्रदीप वर्मा, मुकेश प्रजापति, रुड़की से मांगेराम प्रजापति, काशीपुर के जिलाध्यक्ष महेश प्रजापति, महामंत्री सुमित प्रजापति, मनोज प्रजापति तथा प्रजापति सामाजिक संस्था के अध्यक्ष आर.के. दक्ष सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *