देहरादून। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 31 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, इस दौरान 161 तीर्थयात्रियों की मौत भी दर्ज की गई है, जिनमें अधिकांश मामलों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आई हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। यहां अब तक 11,05,676 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। वहीं, 23 अप्रैल से खुले बद्रीनाथ धाम में 9,08,619 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इसके अलावा गंगोत्री धाम में 5,28,406 और यमुनोत्री धाम में 5,07,421 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। श्री हेमकुंड साहिब में भी 55,411 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। वहीं, गौमुख ट्रैक पर 4,697 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई है, जिन्हें गंगोत्री यात्रा के आंकड़ों में शामिल किया गया है। शनिवार को अकेले 61,262 श्रद्धालु 5,511 वाहनों के माध्यम से चारधाम यात्रा मार्गों पर पहुंचे। यात्रा सीजन शुरू होने के बाद से अब तक कुल 2,89,918 वाहनों ने चारधाम मार्गों का उपयोग किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 19 अप्रैल से अब तक 161 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। इनमें 152 लोगों की मौत स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुई, जबकि 8 लोगों की अन्य कारणों से और एक श्रद्धालु की प्राकृतिक कारणों से मृत्यु हुई। धामवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 78 मौतें यमुनोत्री धाम में दर्ज की गई हैं। इसके बाद केदारनाथ में 47, बद्रीनाथ में 20 और गंगोत्री धाम में 16 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। प्रशासन लगातार यात्रियों से स्वास्थ्य जांच कराने और मौसम व ऊंचाई से जुड़ी सावधानियां बरतने की अपील कर रहा है। Post navigation साइबर ठगी पीड़ितों के लिए बड़ी राहत: फ्रीज हुई रकम वापस पाने के लिए शुरू हुआ MRM पोर्टल माटी कला बोर्ड में नियुक्तियों पर प्रजापति समाज नाराज, सरकार के फैसले का किया विरोध