देहरादून/नई दिल्ली। आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार, 7 जून से लागू हो गई हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 913 रुपये के बजाय 942 रुपये में मिलेगा।

यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को तेल कंपनियों ने प्रति सिलेंडर 60 रुपये की वृद्धि की थी। लगातार बढ़ रही कीमतों से घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और कच्चे ईंधन की बढ़ती लागत के कारण तेल विपणन कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसी के चलते एलपीजी की कीमतों में संशोधन किया गया है।

रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। पहले से खाद्य वस्तुओं और दैनिक जरूरतों की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए यह फैसला चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *