देहरादून। जिला सहकारी भेषज संघ देहरादून में एक बार फिर कांग्रेस समर्थित पैनल का दबदबा कायम रहा है। हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में 11 निदेशकों में से 10 पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में केवल एक निदेशक पद आया। बहुमत के आधार पर मंजू शर्मा को अध्यक्ष और संजय काला को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार 9 जून को हुए जिला सहकारी भेषज संघ के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन मिला। इसके बाद बुधवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। 1988 से कांग्रेस का बना हुआ है दबदबा पूर्व मेयर प्रत्याशी एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पोखरियाल ने बताया कि वर्ष 1988 से जिला सहकारी भेषज संघ के बोर्ड में लगातार कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों का वर्चस्व बना हुआ है। इस बार भी कांग्रेस ने 11 में से 10 निदेशक पद जीतकर अपना प्रभाव बरकरार रखा है। उन्होंने बताया कि मंजू शर्मा वर्ष 2018 से 2023 तक सहकारी बाजार की निदेशक रह चुकी हैं और इससे पूर्व भी भेषज संघ में निदेशक के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वहीं संजय काला सहकारी क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं और पूर्व में क्रय-विक्रय झंडा बाजार समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। भाजपा को मिला एक निदेशक पद संघ के निदेशक मंडल में भाजपा समर्थित हर्ष कुमार यादव एकमात्र निदेशक चुने गए हैं। कांग्रेस के बहुमत के चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के खाते में गए। विभिन्न सहकारी संस्थाओं के लिए चुने गए प्रतिनिधि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न सहकारी संस्थाओं के लिए प्रतिनिधियों का भी चयन किया गया। इनमें उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड हल्द्वानी के लिए मुकेश शर्मा और हेमलता काला, उत्तराखंड सहकारी संघ देहरादून के लिए लेखराज अग्रवाल, उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ हरिद्वार के लिए लेखराज अग्रवाल एवं मंजू शर्मा तथा उत्तर प्रदेश फल एवं साग भाजी भेषज सहकारी संघ लिमिटेड के लिए अनुराधा शर्मा और संजय काला को निर्विरोध चुना गया। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड देहरादून के लिए बाबू सिंह नेगी और सावित्री देवी को प्रतिनिधि निर्वाचित घोषित किया गया। ये बने निदेशक जिला सहकारी भेषज संघ के निदेशक मंडल में सुनीता अग्रवाल, मंजू शर्मा, संजय काला, अनिल धीमान, हर्ष कुमार यादव, आरती रावत, मुकेश शर्मा, आशा भट्ट, सावित्री देवी और रमेश बुटोला शामिल हैं। चार बार के पूर्व पार्षद रमेश बुटोला बने निदेशक डोभालवाला वार्ड से चार बार पार्षद रह चुके रमेश बुटोला भी जिला सहकारी भेषज संघ के निदेशक निर्वाचित हुए हैं। वे देहरादून की पूर्व मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा के कार्यकाल से नगर निगम राजनीति में सक्रिय रहे हैं। पिछली बार पार्षद चुनाव नहीं लड़ने के बाद अब उन्होंने सहकारी राजनीति में नई भूमिका निभानी शुरू की है। चुनाव परिणामों की घोषणा के दौरान पूर्व सदस्य लोक सेवा आयोग संजय शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। Post navigation देहरादून में डेयरी संचालकों का फूटा गुस्सा, समस्याओं के समाधान की मांग PM मोदी के 4399 दिन पूरे होने पर उत्तराखंड के मठ-मंदिरों और गुरुद्वारों में विशेष प्रार्थना, दीर्घायु की कामना