रुद्रपुर‌। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतर्राज्यीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते नेपाल भागने की फिराक में लगे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने देर रात उत्तराखंड के एसएसपी अजय गणपति को सूचना दी कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी नेपाल की ओर फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्वयं मोर्चा संभाला और एसओजी टीम के साथ रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया।

पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी अजय गणपति द्वारा स्वयं की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग के समय एक संदिग्ध बस को रोका गया, जिसमें यात्रा कर रहे नेपाली मूल के तीन संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस, एसओजी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को रामपुर जनपद के बिलासपुर क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। चूंकि बस उत्तर प्रदेश सीमा में रोकी गई थी, इसलिए बरामदगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।

इस सफल ऑपरेशन को अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय, मजबूत सूचना तंत्र और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। रुद्रपुर पुलिस, एसओजी और रामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले का खुलासा संभव हो सका।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *