मसाज’ के नाम पर चल रहा था देह व्यापार, पुलिस पहुंची तो उड़ गए होश हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर में चल रहे कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में स्पा सेंटर पर छापेमारी कर महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस को लंबे समय से तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर बृहस्पतिवार शाम एएचटीयू और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। मौके से दो एंट्री रजिस्टर, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने पूरे परिसर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला मैनेजर समेत चार गिरफ्तार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर की मैनेजर पूनम, उसके सहयोगी अतुल ठाकुर तथा दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्पा संचालक मौके से फरार पुलिस के अनुसार छापेमारी की भनक लगते ही स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे भी मामले में नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। छह युवतियों को किया गया रेस्क्यू स्पा सेंटर से छह युवतियों को सुरक्षित निकाला गया। प्रारंभिक काउंसलिंग के बाद उन्हें मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां विशेषज्ञों द्वारा उनकी काउंसलिंग की जाएगी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त स्पा सेंटर के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पुलिस ने औचक निरीक्षण कर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि गिरफ्तार महिला और उसके सहयोगियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। फरार संचालक की गिरफ्तारी के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना है। इस कार्रवाई के बाद हल्द्वानी शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। Post navigation कांवड़ यात्रा का सामाजिक एवं धार्मिक महत्व