देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रशासन ने शुक्रवार देर रात अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से निर्माण हटाया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। जानकारी के अनुसार, यमुना कॉलोनी के निवासियों ने कुछ समय पूर्व सरकारी जमीन पर बनाए गए इस निर्माण को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद राजस्व और संबंधित विभागों द्वारा की गई जांच में भूमि सरकारी स्वामित्व की पाई गई। प्रशासन ने नियमानुसार संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया था। करीब एक माह तक इंतजार किए जाने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देर रात अभियान चलाया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का यह भी कहना है कि कार्रवाई के दौरान स्थल से कोई धार्मिक अवशेष या विशेष सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाना है। यमुना कॉलोनी जैसे वीआईपी और संवेदनशील क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई प्रशासन के सख्त रुख को दर्शाती है। सरकार ने संकेत दिया है कि राज्यभर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। Post navigation होमस्टे के नियम बदले, कमरों की संख्या 12 हुई, संचालक का परिसर में रहना अनिवार्य स्वास्थ्य विभाग में अटैचमेंट व्यवस्था पर सख्ती, मूल तैनाती स्थल पर लौटेंगे अधिकारी-कर्मचारी; वेतन पर भी लगा नियम