देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 123.79 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ रुपये की लागत से नौ नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इस परियोजना के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रकृति, पर्यटन और विरासत से जुड़े निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में प्रस्तावित सिटी सेंटर परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करते हुए कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चम्पावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, महिला सशक्तिकरण, कृषि और रोजगार के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग 62.33 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके अतिरिक्त महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जा रही है। वहीं विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कृषि महाविद्यालय, गौशाला विकास परियोजनाएं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा 14 करोड़ रुपये की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं। ये योजनाएं युवाओं को अवसर, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को समृद्धि, व्यापार को नई गति और पर्यटन को नई पहचान प्रदान करेंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। Post navigation अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; चार लोगों की मौत, दो घायल