देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को 276 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जिसमें घोषणाओं से अधिक कार्यों की डिलीवरी, वादों से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को प्राथमिकता दी जाती है। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब उनके कंधों पर राज्य के विकास में योगदान देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में नियुक्त कार्मिक प्रदेश के सुनियोजित और सतत विकास को गति देंगे। वहीं प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में चयनित कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में अहम भूमिका निभाएंगे, जबकि वन विभाग में नियुक्त युवा राज्य की समृद्ध वन संपदा, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा का यह अवसर केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि प्रदेश और समाज के विकास में सहभागी बनने का माध्यम है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायक खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, चन्द्रेश कुमार, डॉ. आर. राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation अवैध मस्जिद-मदरसे पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, थानो में भवन सील