निगमों, आयोगों और सलाहकार समितियों में की गई नियुक्तियां, कई जिलों के नेताओं को मिली अहम भूमिका देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा नेताओं को दायित्व सौंपने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने विभिन्न निगमों, परिषदों, आयोगों और समितियों में 18 नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से जारी आदेशों के बाद इन नियुक्तियों पर मुहर लग गई है। ताजा सूची के अनुसार चंपावत के हुकम सिंह कुंवर को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देहरादून के आचार्य संतोष खंडूड़ी को जनसंख्या विश्लेषण समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नैनीताल के देवेंद्र सिंह ढैला को उत्तराखंड बागवानी परिषद तथा हरिद्वार के नितिन गौतम को ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। ऊधम सिंह नगर की मोहिनी पोखरिया को राज्य स्तरीय सतर्कता समिति और रामपाल को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में उपाध्यक्ष नामित किया गया है। इसके अलावा चंपावत के मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग तथा नैनीताल के हरीश चंद्र पांडे को सिंचाई सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष बनाया गया है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सुभाष बगौली को पर्यटन विकास परिषद में सलाहकार (सतत पर्यटन) और चमोली के माधव सेमवाल को बदरी-केदार मंदिर समिति में सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने गढ़वाल मंडल विकास निगम में भी पांच गैर सरकारी निदेशकों की नियुक्ति की है। इनमें मोहित शर्मा, डॉ. रणवीर सिंह, पारस गोयल, विशाल गुप्ता और ऋतु मित्रा शामिल हैं। वहीं कुमाऊं मंडल विकास निगम में पुष्कर सिंह कोश्यारी, दयाल सिंह और रोहित बिष्ट को गैर सरकारी निदेशक बनाया गया है। राजनीतिक जानकार इन नियुक्तियों को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए संगठनात्मक संतुलन साधने की कवायद के रूप में देख रहे हैं। सरकार की ओर से पिछले कुछ समय से चरणबद्ध तरीके से दायित्वों का वितरण किया जा रहा है और नई सूची को उसी कड़ी का विस्तार माना जा रहा है। Post navigation भाजपा को ‘वॉकओवर’ दे गया राहुल अल्मोड़ा-पौड़ी का न आना उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू, 79.60 लाख मतदाताओं तक पहुंचेगा निर्वाचन आयोग