उत्तराखंड

पिता-बेटी ने जहर गटक कर दी जान

कोटद्वार। सनेह क्षेत्र में एक पिता-बेटी ने जहर गटक कर अपनी जान दे दी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पिता का दो माह पूर्व ही गुर्दे का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन बीमारी के बाद भी परहेज न किए जाने के चलते बुधवार को पिता-पुत्री में बहस हो गई। क्षुब्ध पिता ने जहर गटक लिया। तड़पते पिता को देख पुत्री ने भी जहर खा लिया। दोनों को बेस चिकित्सालय में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लालपानी क्षेत्र के अंतर्गत सनेह तल्ली वार्ड नंबर तीन निवासी भीम सिंह भंडारी (65) और उनकी बेटी शिवानी (20) को बेसुध हालत में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे बेस चिकित्सालय में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद कोतवाली से पुलिस उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। पुलिस उप निरीक्षक कमलेश शर्मा ने वार्ड पार्षद धीरज सिंह से हुई बातचीत के आधार पर बताया कि दो माह पूर्व दिल्ली के एक अस्पताल में भीम सिंह का गुर्दे का ऑपरेशन हुआ था। चिकित्सकों ने भीम सिंह को परहेज की हिदायत दी थी, लेकिन वे खानपान में परहेज नहीं कर रहे थे, जिसे लेकर उनकी परिजनों से बहस होती रहती थी। मंगलवार रात वो एक विवाह समारोह में गए थे, जहां से देर रात घर वापस लौटने के बाद वे सो गए। बताया कि बुधवार दोपहर भीम सिंह और उनकी बेटी शिवानी घर पर थे, जबकि भीम सिंह की पत्नी जंगल में घास लेने गए थी, जबकि दो छोटी बेटियां राइंका कोटड़ीढांग गई हुई थी। बरामदे में बैठी शिवानी ने पिता भीम सिंह को बीमारी में परहेज न करने पर टोका, जिसके बाद भीम सिंह घर के भीतर गए और जहर गटक लिया। कुछ देर बाद जैसे ही शिवानी घर के भीतर गई, पिता भीम सिंह बिस्तर पर पड़े थे। शिवानी के कमरे में पहुंचते ही भीम सिंह ने जहर खाने की बात बताई, जिससे परेशान शिवानी ने भी जहर खा लिया और पड़ोस में जाकर पूरे मामले की जानकारी दी। पड़ोसी दोनों को राजकीय बेस चिकित्सालय में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसआइ कमलेश शर्मा ने बताया कि शवों का पंचनामा भर दिया गया है और गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *