नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार सुबह आठ बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से ‘सेवा सप्ताह’ की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने एम्स के जनरल वार्ड में भर्ती बच्चों को फल बांटे और परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दिया। उनके साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यसभा सदस्य विजय गोयल और विजेन्द्र गुप्ता ने भी एम्स परिसर में सफाई की।

बच्चों को फल बांटने और एम्स परिसर में सफाई के बाद अमित शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आज से सेवा सप्ताह मनाना शुरू करेंगे। हमारे प्रधानमंत्री ने अपनी पूरी जिंदगी देश की सेवा के लिए समर्पित कर दी है और उन्होंने गरीबों के लिए काम किया है। इसलिए यह उचित है कि हम उनके जन्मदिन के सप्ताह को ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाएं।
 
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर के अवसर पर 14 से 20 सितम्बर तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सेवा सप्ताह मना रही है। सेवा सप्ताह के दौरान भाजपा ने तीन संकल्प ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति’ और ‘जल संरक्षण और संवर्धन’ के तहत लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा है।
हिन्दुस्थान समाचार

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *