नई दिल्ली (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश विक्रम नाथ को गुजरात उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया। उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि के साथ ही उनकी सेवाएं प्रभावी मानी जाएंगी। विधि और न्याय मंत्रालय ने इस बाबत रविवार को अधिसूचना जारी की। इसमें बताया गया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जस्टिस विक्रमनाथ को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है। कॉलेजियम ने 8 अप्रैल, 2019 को सिफारिश की थी कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति विक्रम नाथ को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाना चाहिए। सरकार को भेजी गई उक्त सिफारिश को फाइल में बताए गए कारणों पर पुनर्विचार के लिए वापस भेज दिया गया। पुनर्विचार कर सभी प्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखने के बाद कॉलेजियम ने फिर से 22 अगस्त को सिफारिश की कि न्यायमूर्ति विक्रम नाथ को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जाए। उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने 1986 में कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद 1987 से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकालत शुरू कर दी थी। उन्हें 2004 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 2006 में वह इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश बन गए। हिन्दुस्थान समाचार Post navigation मोदी सरकार ने सौ दिन के कार्यकाल में लिये ऐतिहासिक फैसले : जावड़ेकर 24 घंटे में बंगाल में 3 जगहों पर मॉब लिंचिंग, 9 घायल