देश

केरल में ईसाई लड़कियों को लव जिहाद का शिकार बना आतंकी गतिविधियों में हो रहा इस्तेमाल : जॉर्ज कुरियन

नई दिल्ली (हि.स.)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष जॉर्ज कुरियन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि केरल में ईसाई लड़कियां इस्लामिक कट्टरपंथियों के लिए सॉफ्ट टारगेट हैं और इन्हें लव जिहाद का शिकार बनाकर आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआईए) से कराने की मांग की है।

जॉर्ज कुरियन ने गत सोमवार को गृह मंत्रालय को एक पत्र लिख कर यह दावा किया है कि केरल में ईसाई लड़कियों को लव जेहाद का शिकार बनाया जा रहा है और पिछले सात साल में चार हजार ईसाई लड़कियां लव जिहाद की शिकार हुई हैं।

मंत्रालय को लिखे पत्र में कुरियन ने कहा है कि केरल में ईसाई लड़कियां लव जिहाद का सबसे आसान शिकार बन रही हैं। उन्होंने पत्र में केरल बिशप कैथोलिक कॉन्फ्रेंस की ओर से तैयार एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2005 से लेकर वर्ष 2012 तक चार हजार ईसाई लड़कियों को ‘लव जिहाद’ का शिकार बनाया गया था।

कुरियन ने कहा कि इन सबको प्यार के जाल में फंसाया गया और जबरन धर्मान्तरण कर इस्लाम कबूल कराया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतर मामलों में पीड़ित ईसाई लड़कियों का ब्रेनवाश किया गया। उन्होंने मंत्रालय से कहा कि इस खतरनाक चलन को रोकने की जरूरत है और इस्लामिक कट्टरपंथियों की ओर से चलाए जा रहे धर्मांतरण पर लगाम कसने के लिए सख्त कानून बनाए जाने की जरूरत है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *