उत्तराखंड

स्मार्ट सिटी का कार्य हुआ शुरू, सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं हो रहा पालन

देहरादून। लॉकडाउन के दूसरे चरण में कई नियमों में बदलाव के साथ निर्माण कार्यों की अनुमति दी गई है। इसी के चलते देहरादून शहर में रुके हुए स्मार्ट सिटी का काम एक बार फिर से शुरू कर दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, जिलाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव के आदेशों के बाद स्मार्ट सिटी का काम शुरू करने के लिए तमाम प्रोजेक्ट और एजेंसियों को हरी झंडी मिल गई है। साथ ही यह भी दिशा निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष तौर से ध्यान रखा जाए, लेकिन धरातल पर जिलाधिकारी के आदेशों की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। देहरादून राजपुर रोड पर चल रहे स्मार्ट सिटी के अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य को एक एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। हरी झंडी मिलने के बाद एजेंसी के अधिकारी और काम करने वाले लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। हालांकि, एजेंसी के मैनेजर अरविंद कुमार यादव ने बताया कि उनके द्वारा काम शुरू कर दिया गया है और दिए गए दिशा- निर्देशों के अनुसार ही काम किया जा रहा है। उन्होंने इस बात को स्वीकारा है कि सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर थोड़ा लापरवाही हुई है, आगे से जिलाधिकारी द्वारा मिले दिशा-निर्देशों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *