देहरादून। भाजपा ने मुख्यमंत्री की सेहत को लेकर सोशल मीडिया में चलाई जा रही खबरों को विपक्ष की घिनौनी हरकत बताया। भाजपा ने आरोप लगाया कि कोरोना संकट के दौरान कांग्रेस अराजकता फैलाने के दुष्प्रयासों में जुटी हुई है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए सजगता व सतर्कता से कार्य कर रही है। सरकार इस चुनौती से पार पाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। प्रवासियों की वापसी के लिए प्रदेश सरकार तत्परता से जुटी हुई है। बड़ी संख्या में प्रदेश और प्रदेश से बाहर फंसे लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया जा चुका है। सरकार चरणबद्ध तरीके से वापसी में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों की घर वापसी के लिए  स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) तैयार कर दी है। जिलाधिकारियों को इस मामले में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आपदा के समय एक जिम्मेदार विपक्ष के नाते कांग्रेस को चाहिए था कि वो सरकार के प्रयासों में सहयोग करती। लॉक डाउन के कारण समस्याओं का सामना कर रहे लोगों की कांग्रेस नेता भाजपा की तरह मदद पहुंचा सकते थे। मगर कांग्रेसियों ने इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किए। उल्टा लोगों को भड़काने में जुटी हुई है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर अराजकता फैलाना चाहती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सेहत को लेकर चलाई गई खबरों को दुर्भावना पूर्ण बताया और कहा कि कांग्रेस के लोग सोशल मीडिया में अभियान चला कर घटिया राजनीति कर रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *