पौड़ी। लॉकडाउन के चलते चंडीगढ़ और राजस्थान में फंसे प्रवासी बीती रात को पौड़ी जिला मुख्यालय पहुंच गए थे, जहां पर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण हुआ. जिला मुख्यालय के पास वाले ब्लॉक के लोगों को रात में ही घर भेज दिया गया था। दूरस्थ ब्लॉक वालों को जिला प्रशासन ने बुधवार को भेजना शुरू किया। बाहरी राज्यों और जिलों से आए सभी प्रवासियों को निर्देशित किया गया है कि वे 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन रहेंगे। साथ ही जिन लोगों के घर पर अतिरिक्त शौचालय व रहने की व्यवस्था नहीं है उन्हें पास वाले विद्यालयों में रहने की व्यवस्था की जाएगी। उप जिलाधिकारी पौड़ी अंशुल सिंह ने बताया कि 186 लोग पौड़ी पहुंचे थे। इनमें से 176 लोग चंडीगढ़ और 10 लोग राजस्थान से आए थे। इन सभी लोगों की पहले ही स्क्रीनिंग की जा चुकी थी। लेकिन पौड़ी पहुंचकर इन सभी लोगों की दोबारा से स्क्रीनिंग की गई। साथ ही पास वाले 122 लोगों को रात को ही घर भेज दिया गया है और दूरस्थ इलाके वाले 64 लोगों को सुबह से उनके घर तक पहुंचाने का काम किया गया। इन सभी लोगों को होम क्वारंटाइन करने का आदेश दिया गया है।

ऋषिकेश। लॉकडाउन के चलते अन्य राज्यों में फंसे उत्तराखंड के प्रवासियों को लगातार वापस लाया जा रहा है। बीते रोज देर शाम भी पंजाब में फंसे 99 लोगों को ऋषिकेश लाया गया था। इनका बुधवार को स्थानीय प्रशासन ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और उनके घरों के लिए रवाना किया।

लॉकडाउन में फंसे उत्तराखंडी प्रवासियों को वापस लाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। लगातार लोगों को अन्य राज्यों से वापस लाकर उनके घर भेजा जा रहा है। बीती शाम पंजाब, राजस्थान और चंडीगढ़ से 99 लोग ऋषिकेश पहुंचे थे। इनके लिए स्थानीय प्रशासन ने रात को सोने-रहने और खाने की व्यवस्था की। बुधवार सुबह प्रशासन ने परिवहन विभाग की मदद से सभी को उनके घरों के लिए रवाना किया। तहसीलदार रेखा आर्य ने बताया कि बीते रोज 99 उत्तराखंड प्रवासी, जो अन्य राज्यों में रहकर नौकरी कर रहे थे, उन्हें ऋषिकेश लाया गया था। सभी को बुधवार को बसों के माध्यम से उनके जिलों में भेजा दिया गया है। इनमें टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी समेत कई जिलों के लोग शामिल हैं।

 

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *