चंडीगढ़ (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को राई खेल विश्वविद्यालय का पहला चांसलर (कुलाधिपति) नियुक्त किया है। टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन कपिल देव के नेतृत्व में भारत ने 1983 में पहला विश्वकप जीता था। यह जानकारी राज्य के खेलमंत्री अनिल विज ने शनिवार को ट्वीट के माध्यम से दी।कपिल देव के कद को देखते हुए सरकार ने मानसून सत्र में नियमों में बदलाव किया था। नियमानुसार प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राज्यपाल होते हैं, लेकिन खेल विश्वविद्यालय को इस दायरे से बाहर रखा गया। राज्यपाल राई खेल विश्वविद्यालय के संरक्षक की भूमिका में रहेंगे। सरकार करीब 630 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय को जल्द शुरू करना चाहती है। खेल विश्वविद्यालय अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में जन्मे कपिल देव को हरियाणा हरिकेन के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने 131 टेस्ट और 225 वन-डे मैच खेले हैं। टेस्ट मैचों में कपिल देव ने 5248 रन और वन-डे मैचों में 3783 रन बनाए हैं। हिन्दुस्थान समाचार Share on FacebookPost on XFollow usSave Post navigation खेल रत्न पुरस्कार के लिए पैरा ओलंपियन मनोज सरकार और द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए एथलेटिक्स कोच अनूप बिष्ट का चयन सौरभ वर्मा ने जीता वियतनाम ओपन का खिताब