देवाल (चमोली)। उत्तराखंड के चमोली जनपद से एक दुखद सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। देवाल विकासखंड के ल्वाणी क्षेत्र के पास शनिवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस के जरिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी एम्बुलेंस देर रात देहरादून से लोहाजंग के लिए रवाना हुई थी। शनिवार तड़के जब वाहन ल्वाणी गांव के पास पहुंचा तो अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और एम्बुलेंस गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में कुल छह लोग सवार थे और सभी देवाल ब्लॉक के बांक गांव के निवासी थे। दरअसल, ग्राम बांक निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह के पार्थिव शरीर को देहरादून से गांव ला रहे थे। भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर निजी एम्बुलेंस से गांव लाया जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना शनिवार सुबह तड़के हुई। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हैं। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ओर परिवार अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, वहीं रास्ते में हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचा दिया। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। Post navigation सोशल मीडिया पर कुर्बानी का वीडियो पोस्ट करना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार तुंगनाथ-चोपता में मौसम का कहर: तेज तूफान में लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत, कई पर्यटक फंसे, चला युद्धस्तरीय रेस्क्यू अभियान