2 Jul 2025, Wed

गोवर्धन पूजा पर राष्ट्र में सुख एवं समृद्धिशाली समाज निर्माण की कामना की गई

शांतिकुंज ने मनाई इको फ्रेण्डली दिवाली

-गोवर्धन पूजा में उमड़े लोग, गौवंश को बचाने का लिया संकल्प
दीपावली के अवसर पर बहीखाता का पूजन करते हुए गायत्री परिवार प्रमुख।
हरिद्वार। गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज में इको फ्रेंडली दिवाली मनाई गयी। शांतिकुंज व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर को प्राकृतिक रंग एवं गुलाल से आर्कषक ढंग से सजाया गया था, तो वहीं पर्व का मुख्य कार्यक्रम सत्संग हाल में दिव्य दीप महायज्ञ के साथ हुआ। जहाँ गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैल दीदी ने बही खाता का पूजन किया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार प्रमुख डॉ प्रणव पण्ड्या ने कहा कि दिवाली के अवसर पर प्रज्वलित होने वाला दीपक हम सभी को प्रकाशित होने का संदेश देता है। वे अपने भीतर के तेल (स्नेह) की एक-एक बंूद जलाकर जग को प्रकाशित करते हैं। उन्होंने कहा कि उसी मनुष्य का जीवन धन्य है, जिसका तन, मन, धन केवल अपने लिए ही नहीं, वरन् सारे समाज को प्रेरणा प्रकाश देने में लग जाये। डॉ. पण्ड्या ने कहा कि बाहर व भीतर से पवित्र (सफाई) होने पर लक्ष्मी विराजती है। संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी ने कहा कि खर्चीलेपन की आदत को मिटाने के संकल्प के साथ दीपोत्सव मनाये।
इससे पूर्व संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी व डॉ. पण्ड्या ने पर्व पूजन किया तथा वेदमाता गायत्री ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं लेखा विभाग प्रभारी  हरीशभाई ठक्कर ने बही खातों का पूजन किया। इस अवसर पर वैदिक कर्मकाण्ड जयराम मोटलानी व जितेन्द्र मिश्र ने सम्पन्न कराया। वहीं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धेय डॉ. पण्ड्या ने गाय के संवर्धन एवं गौ उत्पाद को बढ़ाने पर बल दिया। गोवर्धन पूजा में शांतिकुंज, देव संस्कृति विवि, गायत्री तीर्थ आये विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के प्रशिक्षणार्थी आदि शामिल रहे।
————————————————————
अन्नकूट गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान गोवर्धनधारी को छप्पन भोग लगा
हरिद्वार। श्रीगुरुकृपा कुटीर की परमाध्यक्ष संतश्री रमादेवी माताजी के सानिध्य में आज अन्नकूट गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान गोवर्धनधारी को छप्पन भोग लगाकर सम्पूर्ण राष्ट्र में सुख एवं समृद्धिशाली समाज निर्माण की कामना की गई तथा बृजमण्डल एवं द्वारकापुरी की संस्कृति के संरक्षण हेतु वृहद स्तर पर भजन कीर्तन, पूजा आरती का आयोजन किया गया।
दिल्ली, यूपी तथा गुजरात से पधारे सैकड़ों भक्तों को भगवान द्वारकाधीश के जीवन चरित्र एवं समाज निर्माण की लीलाओं का वर्णन करते हुए श्रीगुरुकृपा कुटीर की परमाध्यक्ष संत श्रीरमादेवी माताजी ने कहा कि भगवान के छप्पन भोग का प्रसाद भक्तों के अन्तःकरण को पवित्र कर समस्त विकार एवं विकृतियों का शमन कर देता है जिससे व्यक्ति के जीवन में सरलता, सहजता एवं सहृदयता का समावेश हो जाता है। श्रीगुरुकृपा कुटीर में विगत 42 वर्षों से आयोजित हो रहे अन्नकूट गोवर्धन महोत्सव की विशिष्टताओं का वर्णन करते हुए उन्हांेने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने पतित पावनी मां गंगा के तट से यह सेवा उस समय प्रारम्भ की थी जब इस आनन्द वन क्षेत्र में ऋषि परम्परा का सम्वर्द्धन प्रारम्भ हो चुका था। पूज्य गुरुदेव को नमन करते हुए उन्हांेने कहा कि मां गंगा के अमृत रुपी पवित्र जल से निर्मित छप्पन भोग का आज भी प्रभाव है कि जो भक्त इस समारोह का प्रसाद ग्रहण कर लेता है उसके जीवन में नयी अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो जाता है। आश्रम की व्यवस्थापक साध्वी भक्तीदेवी ने भगवान गोवर्धन की आरती उतार कर सम्पूर्ण राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की कामना करते हुए कहा कि तीर्थस्थल का यह आनन्द वन क्षेत्र गंगातट पर सैकड़ों वर्षों से ऋषि मुनियों की तप स्थली रहा है और यही वह स्थान है जहां पर ऋषि कुमारों ने भागवत कथा का प्रादुर्भाव किया था। संत श्रीरमादेवी एवं साध्वी भक्तीदेवी ने पूज्य गुरुओं की संयुक्त रुप से आरती उतार कर सभी भक्तों तथा अनुयायियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की इससे पूर्व संत श्रीरमादेवी माताजी जी ने शंखनाद के माध्यम से भगवान एवं गुरुओं का आवाह्न कर छप्पन भोग का रसास्वादन कराया। इस अवसर पर दिल्ली तथा गुजरात से पधारे हरीश कुमार, अंजनी बेन, प्रवीन भाई, भगीरथ भाई, कोमुदी बेन, कावेरी बेन तथा सविता बेन इत्यादि ने अमृत तुल्य पवित्र गंगाजल से निर्मित छप्पन भोग तैयार करवा कर भगवान को समर्पित किए।
—————————————————————–

राम मंदिर भूपतवाला में मनाया गया भगवान राम का स्वागत महोत्सव

-महंत रामदास महाराज के सानिध्य में भगवान को अर्पित किये छप्पन भोग

हरिद्वार, आजखबर। भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी में महंत रामदास महाराज के सानिध्य में राम मंदिर भूपतवाला में उत्साह के साथ समारोह आयोजित किया गया जिसमें महंत रामदास महाराज ने कहा कि राम मंदिर में कई दशकों से दीपावली के पश्चात भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के उपलक्ष में महाभोज का आयोजन किया जाता है जिसमें मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम को छप्पन व्यंजनों का भोग लगाया जाता है।
तीर्थनगरी में इस प्रकार का आयोजन मात्र राम मंदिर में ही होता है। इस अवसर पर राम मंदिर भूपतवाला में आयोजित कार्यक्रम में भगवान राम की विशेष आरती का आयोजन किया गया तथा सैकड़ों श्रद्धालु भक्तजनांे ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद अनिरूद्ध भाटी, समाजसेवी सुबोध शर्मा, सुभाष महेश्वरी, पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, डाॅ. श्यामलाल पुरी, संजय वर्मा, सूर्यकान्त शर्मा, रूपेश शर्मा समेत सैकड़ों गणमान्यजन उपस्थित रहे।
————————————————————
गुजराती समाज ने मनाया नववर्ष

-स्वामी नारायण आश्रम में स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री महाराज के सानिध्य में मनाया अन्नकूट महोत्सव

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्रीस्वामी नारायण आश्रम में गुजराती समाज ने हर्षोल्लास के साथ नववर्ष व अन्नकूट मनाया।
इस अवसर पर श्रीस्वामी नारायण आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री महाराज ने देश के विभिन्न भागों से आए गुजरातियों को नववर्ष की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए अन्नकूट महोत्सव पर आशीर्वाद प्रदान किया। स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री ने कहा कि त्यौहार हमारी संस्कृति के अभिन्न अंग है इनके माध्यम से मानव जीवन में उत्साह, आत्मीयता व स्नेह का संचार होता है। त्यौहार हमंे निकट लाने का कार्य करते हुए सामाजिक बंधन को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं।
स्वामी आनंद स्वरूप दास शास्त्री महाराज ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व है इस पर्व के माध्यम से हम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता अर्पित करते हैं। बड़ा अखाड़ा उदासीन कनखल के कारोबारी महंत निर्मल दास महाराज ने श्रद्धालु भक्तजनों से अन्नकूट महोत्सव पर प्रकृति के संरक्षण का आवाह्न किया। इस अवसर पर स्वामी धर्म दास, स्वामी जयेन्द्र शास्त्री, स्वामी गंगा सागर, स्वामी धर्मानदंन, महंत प्रेमानंद, पार्षद अनिरूद्ध भाटी, एड़वोकेट अरविंद शर्मा, योगेश भगत, नीरज भाई सहित गुजरात से आए सैकड़ों श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे।
———————————————————————माता वैष्णो शक्ति भवन में मनाया गया अन्नकूट महोत्सव

हरिद्वार। गोलोकवासी महंत रामरतन दास महाराज द्वारा स्थापित माता वैष्णो शक्ति भवन में महंत दुर्गादास महाराज के सानिध्य में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। चेतन ज्योति आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानन्द, बाबा हठयोगी ने इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तों को अन्नकूट महोत्सव का महत्व समझाते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने द्वापर में गोवर्धन पर्वत की पूजा कर मानव मात्र को प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया जो वर्तमान समय में आज भी प्रासंगिक है। माता वैष्णो शक्ति भवन के परमाध्यक्ष महंत दुर्गादास एवं संचालक महंत सुमित दास महाराज ने अन्नकूट महोत्सव को दीपावली के बाद भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी से जोड़ते हुए कहा कि हमारे सारे पर्व भगवान राम और कृष्ण को समर्पित हैं जो सनातन हिन्दू धर्म के प्राण है। इस अवसर पर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली आदि राज्यों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भक्तजनों ने उपस्थित होकर संतजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
————————————————————
मानव कल्याण आश्रम में अन्नकूट महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किये गये छप्पन भोग

हरिद्वार। श्रीमानव कल्याण आश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वामी दुर्गेशानन्द महाराज के सानिध्य में एवं मैनेजिंग ट्रस्टी पार्षद अनिरूद्ध भाटी के संचालन में धूमधाम से अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी दुर्गेशानन्द महाराज ने कहा कि मानव कल्याण आश्रम मानवमात्र की सेवा के लिए स्थापित किया गया है। हरिद्वार, बद्रीनाथ, अहमदाबाद स्थित आश्रमों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि  संस्था के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी कल्याणानन्द सरस्वती महाराज के संकल्प को साकार करते हुए श्री मानव कल्याण आश्रम द्वारा निरन्तर संत सेवा, धर्म प्रचार-प्रसार, संस्कृति संवर्द्धन का कार्य किया जा रहा है। अन्नकूट महोत्सव इसी श्रृंखला में प्रतिवर्ष किया जाना वाला आयोजन है। अनिरूद्ध भाटी ने आये हुए संत-महंतजनों का स्वागत करते हुए कहा कि अन्नकूट महोत्सव समरसता का पर्व है जिसे समाज के सभी वर्ग मिल-जुलकर मनाते हैं। यह जहां प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है वहीं हमारे अध्यात्म पक्ष को भी उजागर करता है जिसमें पंच तत्वों की उपासना का संदेश मिलता है। इस अवसर पर ट्रस्टी श्रीमहंत देवानन्द सरस्वती, विनोद अग्रवाल,  बहादुर सिंह वर्मा, भक्त दुर्गादास ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर विनित गिरि, ब्रह्मदत्त, रूपेश शर्मा, सुरेन्द्र मिश्रा, गगन यादव समेत अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *