सांसद अनिल बलूनी की पहल पर केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के किसानों और पारंपरिक कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। क्षेत्रीय कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और उनकी ब्रांडिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय की एक विशेष टीम गढ़वाल का दौरा करेगी।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर गढ़वाल क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से उत्पादित मिलेट्स, हल्दी, जड़ी-बूटियों और अन्य पारंपरिक खाद्य उत्पादों की संभावनाओं पर चर्चा की थी। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया था कि मंत्रालय की एक विशेषज्ञ टीम क्षेत्र का दौरा कर यह अध्ययन करे कि इन उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक किस प्रकार पहुंचाया जा सकता है, जिससे स्थानीय किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिल सके।

GI टैगिंग और ब्रांडिंग पर रहेगा विशेष फोकस

सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री द्वारा उनकी मांग को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और मंत्रालय की टीम कल से गढ़वाल क्षेत्र का दौरा शुरू करेगी। यह टीम विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों, काश्तकारों और कृषि विशेषज्ञों से बातचीत कर यहां के विशिष्ट कृषि उत्पादों का अध्ययन करेगी।

दौरे के दौरान उत्पादों की GI टैगिंग, गुणवत्ता संवर्धन, पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे गढ़वाल के पारंपरिक और प्राकृतिक उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।

किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद

सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय की यह पहल पहाड़ी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। इससे स्थानीय किसानों की आय में वृद्धि होगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गढ़वाल के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान मिल सकेगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *