गंगा दशहरा के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर लोगों ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 11 जोन और 27 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। हरिद्वार। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। गंगा घाटों पर “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। गंगा दशहरा के अवसर पर हरकी पैड़ी समेत सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आए। हिंदू मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मां गंगा राजा भगीरथ की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से व्यक्ति को दस प्रकार के पापों से मुक्ति मिलती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 11 जोन और 27 सेक्टर में विभाजित किया गया है। घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है और रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं हरकी पैड़ी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। गंगा दशहरा के अवसर पर हरिद्वार पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गंगा दशहरा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, मुख्य मार्गों पर लंबा जाम हरिद्वार में गंगा दशहरा स्नान पर्व के अवसर पर सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धर्मनगरी में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु मां गंगा में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार पहुंचे। बढ़ती भीड़ के चलते शहर के मुख्य मार्गों और घाटों की ओर जाने वाली सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। कई स्थानों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। विशेष रूप से हर की पौड़ी और आसपास के घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी दबाव बना रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। जगह-जगह पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालते और वाहनों को व्यवस्थित रूप से निकालते नजर आए। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे सहित शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भी लंबा जाम लगा रहा। प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने, निर्धारित रूट का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील कर रहा है। Post navigation खटीमा में महिला आईटीबीपी जवान ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप उत्तराखंड में गर्मी का कहर, मैदानी इलाकों में हीटवेव अलर्ट; पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार