देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी, हरिद्वार और देहरादून जैसे मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान एक बार फिर सामान्य से पांच डिग्री अधिक पहुंचकर 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले छह दिनों में यह तीसरी बार है जब दून का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, मैदानी इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी लोगों को बेहाल करेगी, जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की गई है।

प्रदेश के मैदानी हिस्सों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को भी कई पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 मई से 30 मई तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके साथ ही 30 मई को देहरादून समेत कुछ मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *