सांसद ने कहा- ‘प्रशासन की जानकारी में उन पर हमला हुआ’

 
ओम प्रकाश
कोलकाता, (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर 24 परगना के बैरकपुर संसदीय क्षेत्र में शुरू हुई हिंसा तीन महीने बाद भी जारी है। अब यहां से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह पर रविवार को हमला किया गया है। दोपहर के समय जब वह अपनी गाड़ी से कहीं जाने के लिए निकले थे तो श्याम नगर के फीडर रोड पर कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
आरोप है कि उन पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। ईंट-पत्थर बरसाए गए लाठी-डंडे से भी हमला किया गया है। हालांकि सांसद को केंद्रीय जवानों की सुरक्षा मिली हुई है। इसलिए हमलावर उन तक पहुंच नहीं सके। उन्हें चोट नहीं लगी है। अर्जुन सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत लगातार बढ़ने से तृणमूल कांग्रेस घबराई हुई है। इसीलिए असंवैधानिक तरीके से भाजपा के लोगों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डराने-धमकाने के लिए तृणमूल वाले हमले कर रहे हैं, लेकिन हम लोग ना तो डरने वाले हैं और ना ही पीछे हटने वाले हैं। कहा कि 2021 में ममता बनर्जी के आततायी शासन का अंत हो जाएगा। उन्होंने जिला पुलिस पर भी हमलावरों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन पर हमले प्रशासन की जानकारी में ही हुए हैं। वैसे जिला प्रशासन सूत्रों का कहना है कि हमलावरों की शिनाख्त के लिए इलाके का सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा है। हालांकि घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *