नागपुर (हि.स.)। नागपुर दौरे पर आए भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रेशमबाग स्थित स्मृति मंदिर परिसर के दत्तोपंत ठेंगडी सभागार में विदर्भ के पदाधिकारियों से विशेष संवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गठबंधन के बजाय अपने दम पर चुनाव लड़ने की बात कही। नड्डा ने सभी की बातों को ध्यान से सुनने के बाद कार्यकर्ताओं को हर तरह की राजनितिक परिस्थितियों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। दरअसल बुधवार को नागपुर के पंडित सुरेश भट्ट सभागार में भाजपा के विदर्भ अंचल के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसके बाद जे.पी. नड्डा ने रेशम बाग स्थित स्मृति मंदिर परिसर के दत्तोपंत ठेंगडी सभागार में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में विदर्भ के सभी सांसद, विधायक, संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारियों ने शिरकत की। इस अवसर पर नड्डा ने सभी पदाधिकारियों को स्वयंसेवी संस्थाओं से संपर्क करने तथा को-ऑपरेटिव सेक्टर में काम बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही चुनाव में कम मतदान के विषय पर मंथन करने तथा लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने की दिशा में प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। महिलाओं को मिले स्थान बैठक के दौरान कुछ महिला पदाधिकारियों ने विदर्भ की स्थिति को रेखांकित करते हुए महिला भागीदारी के विषय पर जे.पी. नड्डा का ध्यान खींचा। महिला पदाधिकारियों ने बताया कि विदर्भ के 11 जिलों की 62 विधानसभा सीटों में लगभग 85 फीसदी सीटें भाजपा के कब्जे में हैं लेकिन इनमें से एक भी सीट पर महिला विधायक नहीं है। ऐसे में पार्टी को लेकर जनता के बीच अच्छा संदेश नहीं जा रहा। इसके बाद नड्डा ने इस बात पर विशेष ध्यान दिए जाने का आश्वासन दिया। इससे पहले, विदर्भ अंचल के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा बॉयोडाटा वाली पार्टी नहीं है। टिकट के लिए कार्यकर्ता अपनी सिर्फ दो आंखों से नेता की ओर देखता है लेकिन कार्यकर्ता के बॉयोडाटा को देखने के लिए पार्टी में कई आंखें होती हैं। संगठन में कार्य करते समय मेरा क्या होगा का भाव रखना ही पर्याप्त नहीं है। कार्यकर्ताओं को यह भी सोचना होगा कि उन्होंने संगठन को क्या दिया। चुनाव जीतने के लिए बूथ इकाई को मजबूत बनाना होगा। हिन्दुस्थान समाचार Share on FacebookPost on XFollow usSave Post navigation पीएम मोदी की उड़ान को अनुमति न देकर पाकिस्तान ने किया अंतरराष्ट्रीय परिपाटियों का उल्लंघन ह्युस्टन रैली के बाद न्यूयार्क में होगी मोदी-ट्रम्प द्विपक्षीय वार्ता