नई दिल्ली (हि.स.)। हिन्दू सेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बंगाली मार्केट स्थित बाबर रोड का नाम बदलने की मांग को लेकर विरोध स्वरूप उस साइन बोर्ड पर काली स्याही पोत दी।
मध्य दिल्ली में कनॉट प्लेस के नजदीक स्थित बाबर रोड का नाम भारत में मुगल वंश के संस्थापक और प्रथम शासक के नाम पर रखा गया था। यह सड़क मंडी हाउस से बंगाली मार्केट को जोड़ती है। दक्षिणी पंथी संगठन काफी समय से इस सड़क का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं।
हिन्दू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि हिन्दू सेना सरकार से मांग करती है विदेशी आक्रमणकारी बाबर रोड का नाम बदल कर भारत के किसी महापुरुष के नाम पर किया जाए। ये देश श्रीराम, श्रीकृष्ण, महाऋषि बाल्मीकि और संत रविदास का है न कि बाबर जैसे अत्याचारी का। इसलिए हमने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा बनाए गए साइन बोर्ड को काला कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार





