उत्तराखंड

हाथी ने मचाया जमकर उत्पात

देहरादून। सर्दी की दस्तक के बाद वन क्षेत्र से ग्रामीण इलाकों में हाथी की आमद शुरू हो गई है। रविवार देर रात जंगल से निकल गुमानीवाला के अमितग्राम में धमके गजराज ने जमकर उत्पात मचाया। पांच घरों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया और कीचन गार्डन को रौंद डाला। लोगों ने पूरी रात दहशत में गुजारी।
नगर निगम के वार्ड 36 अमित ग्राम, गुमानीवाला वन क्षेत्र से सटा है। देर रात एक हाथी अमित ग्राम आबादी में आ धमका और काफी देर चहलकदमी के बाद उसने उत्पात मचाना शुरू किया।एक के बाद एक चार घरों की बाउंड्रीवाल को तोड़ डाला। घरों में बने कीचन गार्डन को भी तहस-नहस कर दिया। धमाके की आवाज सुनकर नींद से जागे लोग घरों से बाहर निकले। सामने भीमकाय हाथी को देखकर सहम गए और घरों में दुबकने को मजबूर हुए। कुछ लोगों ने पटाखे फोड़कर हाथी को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। लोग पूरी रात खौफजदा रहे। क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र रमोला ने बताया कि हाथी ने आरपी भट्ट, संजय राणा, भगवान सिंह रावत, गुलाब सिंह और डोटियाल सिंह के घरों की चहारदिवारी को निशाना बनाया है। बताया कि सूचना पर सुबह वन दरोगा मंसाराम गौड़, स्वयंबर दत्त कंडवाल मौके पहुंचे और हाथी द्वारा किए गए नुकसान का आकलन किया। पार्षद रमोला ने वन विभाग से वार्ड में रात्रि गश्त बढ़ाने और हाथी की आमद रोकने के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का उचित मुआवजा प्रभावितों को देने की मांग उठायी है। वनदरोगा ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *