देहरादून। दीपावली की रात हीरालाल मार्ग स्थित तेल का एक गोदाम अचानक धधक उठा। आग की लपटें उठते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंचे फायरकर्मियों ने राहत बचाव कर बेकाबू आग को काबू में किया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया। एफएसओ की माने तो पटाखे की चिंगारी गिरने से घटना हुई है। ऋषिकेश के तेल कारोबारी सत्यनारायण अग्रवाल का हीरालाल मार्ग पर तेल का गोदाम और आवास है। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे आवास के नीचे बने तेल के गोदाम से आग की लपटें उठने लगी। धुआं और आग की लपटें उठते देख आसपास पड़ोस के लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर गोदाम स्वामी कमरे से बाहर निकले और गोदाम में आग लगने की सूचना फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही फायरकर्मी दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और बेकाबू हो चुकी आग को बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। तेल कारोबारी ने बताया कि गोदाम में रखे खाद्य तेल के कनस्तरों तक आग नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग से गोदाम में रखे पुराने टायर और फर्नीचर जलकर खाक हो गए हैं। फायर स्टेशन प्रभारी हरीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्टया आग लगने की वजह पटाखे की चिंगारी प्रतीत हो रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बहरहाल आगजनी की घटना से बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। Post navigation दीपावली के दिन दून में जमकर फूटे पटाखे, दून अस्पताल के आसपास का क्षेत्र रहा सबसे ज्यादा प्रदूषित हाथी ने मचाया जमकर उत्पात