ताज खबरें देश

भाजपा ने बनाए सात करोड़ नए सदस्यः नड्डा

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान में 7 करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं। इनमे 5,81,34 हजार 242 ऑनलाइन और 62 लाख 35 हजार 967 ऑफलाइन माध्यम से सदस्य बने हैं।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और सदस्यता अभियान के प्रमुख शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमारा सदस्यता अभियान 6 जुलाई को वाराणसी से से शुरू हुआ और इसकी समाप्ति 20 अगस्त को हुई। ये एक सफल अभियान रहा।

नड्डा ने कहा कि पहले हमारी 11 करोड़ सदस्यता थी। इस बार के सदस्यता अभियान में 5 करोड़ 81 लाख 34 हजार 242 लोगों की सदस्यता ऑनलाइन माध्यम से आई है जो पिछली सदस्य संख्या से 50 प्रतिशत ज्यादा है। 62 लाख 35 हजार 967 लोगों की ऑफलाइन माध्यम से सदस्यता आई है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में सर्वर वीक था, वहां हम डिजिटल रूप से आंकड़े हासिल नहीं कर पाए हैं। ये सारी संख्या हम जोड़ लें तो 7 करोड़ के आसपास हो जाएगी।

भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान सभी वर्गों में एक बहुत बड़ा रुझान भाजपा के सदस्य बनने का देखा। सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी और समाज के सभी वर्ग के लोगों ने भाजपा को ज्वाइन करने में अपनी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा की सदस्यता को लेकर विशेष रुझान दिखा।

नड्डा ने कहा कि सदस्यता अभियान तो समाप्त हो गया है, लेकिन हमारी मेम्बरशिप प्रक्रिया चलती रहेगी। अब सितंबर में सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान शुरू होगा। संगठन के राष्ट्रीय स्तर तक के चुनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बूथ का चुनाव 10 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा। नवंबर में जिला इकाइयों का चुनाव होगा और उसके बाद राज्य के चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का राष्ट्रीय स्तर का चुनाव दिसंबर महीने में संपन्न होगा।

हिन्दुस्थान समाचार

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RSS
Follow by Email
THREADS