नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भवाली सेनिटोरियम क्षेत्र के पास भवाली बाईपास पर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जबकि पांचवां मृतक वाहन चालक बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार परिवार उधम सिंह नगर जिले के खटीमा से नैनीताल घूमने आया था और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गहरी खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने में राहत टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में सभी शवों को बाहर निकालकर भवाली अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्री रवी चुफाल (12 वर्ष) निवासी खटीमा तथा वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष) निवासी अफसर नगर एलपीजी गोदाम, आलमनगर लखनऊ के रूप में हुई है।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से खटीमा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *