3 Jul 2025, Thu

पंचायत सदस्यों के लिए सात लाख और गोवा का ट्रिप फ्री 

  • जिला पंचायत सदस्यों की खरीद फरोख्त का खेल शुरू

  • जखोली ब्लाॅक के सिर सजेगा अध्यक्ष का ताज

  • क्षेत्र पंचायत में पांच लाख और मसूरी का ट्रिप

  • क्षेत्र पंचायत प्रमुख पदों के दावेदारों ने सदस्यों को किया गायब

  • जिला पंचायत सदस्य भी जनता की नजरों से हुए दूर

रुद्रप्रयाग। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव परिणाम आने के बाद से जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गायब हो गये हैं। क्षेत्र में चर्चाएं चल रही हैं कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुख पदों के दावेदारों ने सदस्यों को खरीदने का खेल शुरू कर दिया है और सदस्यों को गायब कर पिकनिक को भेज दिया है। इनके साथ दावेदारों के कुछ लोग शामिल हैं, जो उनकी खातिरदारी में लगे हुए हैं। सदस्यों को कई प्रकार के लुभावने आॅफर दिये जा रहे हैं, जिससेे वे वोट के दिन उन्हें विजयी बनाएं। जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के अलावा ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि एवं जखोली सीट पर प्रमुख चुना जाना है। जिला पंचायत सदस्यों की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाता है तो क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमुख को चुनते हैं। ऐसे में जिसके पास ज्यादा सदस्य होंगे, वही पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान होगा तो जो क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने पक्ष में ज्यादा सदस्यों को लुभा पायेगा, वहीं प्रमुख बनेगा। जिला पंचायत की बात करें तो इस बार अनुसूचित जाति महिला अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालेगी और जिले के जखोली ब्लाॅक से तीन महिलाएं अनुसूचित जाति की जीतकर आई हैं तो ऐसे में तय है कि जखोली ब्लाॅक से ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगी।

इससे पहले निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा भी जखोली की रहने वाली हैं और अब फिर से दोबारा जिला पंचायत अध्यक्ष का ताज जखोली ब्लाॅक के जिला पंचायत सदस्य के सिर सजेगा। इनमें जिला पंचायत बजीरा से अमरदेई देवी भाजपा से हैं जो सबसे ज्यादा वोटों से जीती हैं। इसके अलावा सुमाड़ी सीट से पुरूषों से मुकाबला करते हुए निर्दलीय ज्योति देवी ने बाजी मारी है। वहीं कंडाली से निर्दलीय कुसुम देवी सीट कब्जाने में आगे रही हैं। 18 जिला पंचायत सदस्यों में पांच सीट भाजपा ने कब्जाई हैं, जिनमें बजीरा, सारी, सांैरा जवाड़ी, खलियाण व सतेराखाल शामिल है, जबकि कांग्रेस कालीमठ व त्रियुगीनारायण सीट कब्जाने में सफल रही। बाकी सीटों पर निर्दलीयों ने बाजी मारी है। इनमें भी कई सीटों पर कांग्रेस पृष्टभूमि के कार्यकर्ता हैं, जिनमें सुमंत तिवाड़ी, सुमन नेगी, कुलदीप कंडारी शामिल हैं। ऐसे में पांच भाजपा के सदस्य हैं तो कांग्रेस के दो ही सदस्य जीतकर आये हैं। पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए अन्य नौ सदस्यों का होना जरूरी है। सूत्रों की माने तो भाजपा बजीरा सीट से सबसे ज्यादा वोट लाकर जीती अमरदेई देवी पर दांव खेल सकती है, जबकि कांग्रेस ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वहीं निर्दलीय भी अपनी गोटी बिड़ाने पर लगे हुए हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही निर्दलीय सदस्यों को अपने मोह माया के जाल में फंसाने में लगी है, जिससे उनकी पार्टी का पंचायत अध्यक्ष बने और प्रदेश में भाजपा को लेकर अच्छा संदेश जाय।

ऐसे में निर्दलीयों को कई प्रकार के आॅफर दिये जा रहे हैं। सात लाख से लेकर दस लाख दिये जाने की बात चल रही है और गोवा का ट्रिप भी दिया जा रहा है और जब तक पंचायत अध्यक्ष का चुनाव नहीं होता तब तक घूमने फिरने के लिए गाड़ी भी दी गई है। ऐसे में निर्दलीय सदस्यों की मजे पड़े हुए हैं। वे पंचायत रिजल्ट आने के बाद से दिखाई नहीं दे रहे हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख की बात करें तो जखोली से प्रमुख की सीट सामान्य है और भाजपा के प्रबल दावेदारों में भूपेन्द्र भंडारी का नाम सबसे आगे है तो पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल भी मैदान में हैं। श्री थपलियाल को सबसे ज्यादा मजबूत माना जा रहा है। धन और बल से बाहुबलि प्रदीप थपलियाल का कोई मुकाबला नहीं है। उन्हें जनता ने क्षेत्र पंचायत सदस्य भी निर्विरोध बनाया और निर्विरोध बनने के बाद से वे अपनी गणित भिड़ाने में लगे थे। भाजपा से प्रमुख के दावेदार भूपेन्द्र भंडारी क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आए हैं और उनका मानना है कि जिस क्षेत्र पंचायत सदस्य को जनता ने चुना है वह एक बार जनता के बीच जाकर राय-मश्वरा करे कि कौन सदस्य प्रमुख का प्रबल दावेदार है। तभी जाकर प्रमुख का चुनाव करे। ऐसे में ब्लाॅक प्रमुख जखोली का मुकाबला रोमांच बन गया है। जखोली से क्षेत्र पंचायत के 40 सदस्य हैं, जिनमें दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। अगस्त्यमुनि प्रमुख पद की बात करें तो यहां सीट अनुसूचित जाति महिला की है और सात अनुसूचित जाति की महिलाएं चुनाव में जीती हैं। इनमें एक महिला सामान्य सीटकर जीतकर आई हैं। क्षेत्र पंचायत बष्टी से सामान्य सीट से जीतकर आई नारायण देई देवी, क्षेत्र पंचायत फलासी कुमारी आरती, क्षेत्र पंचायत लदोली सीता देवी, क्षेत्र पंचायत कोठगी सरिता देवी अगस्त्यमुनि प्रमुख पद की दावेदारी में हैं। ऊखीमठ क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद की सीट सामान्य महिला है और यहां से भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट की पत्नी ऊषा भट्ट की प्रबल दावेदार हैं। अभी तक यहां से अन्य कोई नाम सामने नहीं आया है। अगस्त्यमुनि क्षेत्र पंचायत में चालीस सदस्य हैं, जिनमें दो सदस्य निर्विरोध बने हैं, जबकि उखीमठ में 37 सदस्य हैं। इनमें सात सदस्य निर्विरोध बने हैं। कुल मिलाकर देखा जाय तो प्रमुख पद कब्जाने के लिए सदस्यों की बोली लगनी शुरू हो गई है। प्रमुख पद के दावेदार सदस्यों को खरीदने के लिए मनचाही बोली लगाने को बोल रहे हैं। हर सदस्य को पांच-पांच लाख देने की भी बात चल रही है और उन्हें मसूरी टूर पर ले जाने को कहा जा रहा है। प्रमुख के दावेदारों ने कई सदस्यों को अब तक गायब भी कर दिया है और घूमने भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *