देहरादून। देहरादून के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ पर 12 साल से काबिज अभाविप की बादशाहत सोमवार को खत्म हो गई। छात्रसंघ चुनाव में अभाविप से बागी हुए निखिल शर्मा 661 वोटों के अंतर से जीत गए। इस चुनाव में अभाविप सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं महासचिव पद पर आर्यन संगठन को भी हार का सामना करना पड़ा। इस पद पर सत्यम शिवम ग्रुप के नीरज सिंह चैहान ने जीत दर्ज की।
डीएवी में सोमवार को सुबह 8.30 बजे छात्रसंघ चुनाव शुरू हो गए। 8472 वोटरों में से 3912 छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 46.17 रहा। दोपहर 3.30 बजे से मतगणना शुरू हो गई। मतगणना के पहले चरण से ही निर्दलीय निखिल शर्मा ने अध्यक्ष पद पर और सत्यम शिवम संगठन के नीरज चैहान ने महासचिव पद पर बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ती गई, एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के चेहरे उतरते चले गए। 12 साल से दौड़ रहा एबीवीपी का विजय रथ बागी होकर चुनाव लड़े निखिल शर्मा ने रोक दिया। वहीं, एनएसयूआई इस साल दूसरे स्थान पर आने में कामयाब रही। अध्यक्ष पद पर निखिल शर्मा (निर्दलीय) को 1736 वोट, उनके निकटतम प्रतिद्धंद्धी हिमांशु रावत (एनएसयूआई) को 1075 वोट और सागर तोमर (एबीवीपी) को 937 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर
पारितोष सिंह (दिवाकर ग्रुप) को 1513 वोट, सुप्रिया भंडारी (एसएफआई) को 1048 वोट और अंजना (सक्षम ग्रुप) को 824 वोट मिले। महासचिव पद पर नीरज सिंह चैहान (सत्यम शिवम) को 1780 वोट, संदीप कुकरेती (आर्यन) को 1401 वोट और नबोध सिंह परमार (निश्चय ग्रुप) को 522 वोट मिले। डीएवी कॉलेज में न केवल पुलिस बल्कि कॉलेज प्रशासन भी सतर्क रहा। जहां चीफ प्रॉक्टर मेजर डॉ. अतुल सिंह की टीम ने अनुशासन की बागडोर संभाले रखी, वहीं मतगणना अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने भी सभी व्यवस्थाएं सामान्य तौर पर चलाई। पूरे चुनाव के दौरान प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना मुस्तैद रहे। डीएवी कॉलेज में मतदान के दौरान 25 फर्जी वोटर पकड़े गए। इनमें से 22 वोटर तो कॉलेज के गेट पर ही पकड़ लिए गए लेकिन तीन वोटर कॉलेज कैंपस में घुसने में कामयाब रहे। कॉलेज प्रशासन की सतर्कता के चलते वह वोट डालने में कामयाब नहीं हो पाए। सभी आईकार्ड जब्त कर लिए गए। डीएवी के चुनाव की पूरी रिपोर्ट शासन तक पहुंचती रही। कॉलेज में मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा रानी पैन्यूली को पर्यवेक्षक बनाया गया था। वह पूरे चुनाव और मतगणना के दौरान मौजूद रहीं। बाद में डीएम सी रविशंकर ने उन्हें बधाई दी। डीएवी कॉलेज अब तीन दिन बंद रहेगा। 10 सितंबर को मुहर्रम, 11 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के बाद एक दिन चुनाव की वजह से अवकाश रहेगा। अब कॉलेज 13 को खुलेगा।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed