रुद्रप्रयाग। लॉकडाउन के साथ साथ ग्रीन जोन में शामिल जिलों में सरकार से कुछ राहत मिलते ही चारधाम परियोजना और पॉवर प्रोजेक्ट के साथ ही मनरेगा के काम शुरू हो गए। जिले में सड़क चैड़ीकरण और पुल निर्माण में मजदूरों और मशीनों से काम में तेजी लाई गई है। छूट मिलने के पहले दिन जगह-जगह युद्धस्तर पर काम होते देखा गया।
रुद्रप्रयाग जिले में ऑलवेदर के काम लॉकडाउन के चलते बीच में काफी शिथिल पड़ गए थे। हालांकि सामाजिक दूरी बनाते हुए कम मजदूरों द्वारा काम को नियमित रखने का प्रयास किया जा रहा था, किंतु जिस गति से काम होना था वह, नहीं हो सका। सरकार की ओर से कुछ राहत मिलने और चिह्नित विभागों एवं निर्माणदायी संस्थाओं का कार्य करने की अनुमति मिलते ही इसका असर भी देखने को मिला है। रुद्रप्रयाग और गुलाबराय के बीच सड़क चैड़ीकरण का काम तेजी से शुरू हुआ है जबकि पेट्रोल पंप से आगे की सड़क पर मशीन और मदजदूरों की संख्या बढ़ाते हुए कार्य किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग नगर में दोनों निर्माणाधीन पुलों पर भी सोमवार को काम में तेजी देखी गई। पुल के एवडमेंट पर मजदूरों द्वारा पुश्ता निर्माण, भराई के साथ ही सीमेंट का काम शुरू हो गया है जबकि मशीनों द्वारा भी काम जारी है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशों में ही कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान सामाजिक दूरी और लॉकडाउन का पालन हर हाल में करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी तरह मनरेगा और जिले में सिंगोली भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना पर भी काम शुरू हो गया है।




