उत्तराखंड

गुलदार की खाल के साथ दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार  

देहरादून। वन्य जीव तस्करी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को बीती देर रात गुलदार की खाल व तस्करी में प्रयुक्त बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चकराता के जंगलों में गुलदार का शिकार करने के बाद उसकी खाल को दून में बेचने का प्रयास कर रहे थे।
डीआईजी अरूण मोहन जोशी ने बताया कि पिछले दिनों दून पुलिस को वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो नई दिल्ली द्वारा सूचना दी गयी थी कि कैंट थाना क्षेत्र में वन्य जीवों अंगों की तस्करी करने वाला गैंग सक्रिय है। सूचना पर कार्यवाही शुरू करते हुए पुलिस ने वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान चला दिया। अभियान में जुटी पुलिस टीम को देर रात सूचना मिली कि दो व्यक्ति अनारवाला क्षेत्र में गुलदार की खाल सहित घूम रहे है तथा वह उसे बेचने के प्रयास में है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान पर दबिश देकर बाइक सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक गुलदार की खाल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम धर्मसिंह पुत्र सब्बल सिंह व चन्दर सिंह चैहान पुत्र नदिया चैहान निवासी चकराता बताया। आरोपियों ने बताया कि हमारी आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते हमने वन्य जीवों को मारकर उनके खाल व अंगों को बेचने की योजना बनाई। जिसके तहत हमने चकराता के जंगलों में गुलदार का शिकार कर उसकी खाल को दून में बेचने का प्रयास किया था। बहरहाल पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद खाल की कीमत 5 लाख रूपये आंकी गयी है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *