देहरादून। आयुष छात्रों के समर्थन में अब यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई संयुक्त रुप आंदोलन तेज करेंगे। इसकी शुरुआत क्षेत्रीय विधायकों को अनुरोध पत्र और ज्ञापन सौंपकर की जायेगी। कांग्रेस भवन में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने संयुक्त रुप से प्रेसवार्ता कर आंदोलन की रणनीति का ऐलान किया।
उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि आयुष छात्रों को न्याय दिलाने के लिए शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सामूहिक योजना तैयार की गयी है। प्रथम चरण में धरना प्रदर्शन, पुतला दहन कार्यक्रम किए गए हैं। अब अगले चरण में दो दिन गुरुवार और शुक्रवार को सामूहिक रुप से प्रत्येक विधायक चाहे वह भाजपा का हो या कांग्रेस का हो। सभी क्षेत्रीय विधायकों के पास जाकर उन्हें आयुष छात्रों के आंदोलन के बारे में अवगत कराया जाएगा। साथ ही आंदोलन को अगले चरण में ले जाने से पहले सभी विधायकों व जनप्रतिनिधियों को अनुरोध पत्र व ज्ञापन सौंप कर समर्थन मांगा जाएगा। ताकि जब आंदोलन को तेज करें तो कोई ये न कहे कि हम उनके पास नहीं गए। कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद हैं कि सभी विधायक अगर हमारा साथ देंगे तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सौरभ ममगांई ने कहा कि 43 दिन से आयुष छात्र फीस बढ़ोतरी के खिलाफ आंदोलनरत हैं। कहा कि छात्र आयुष छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, जिन्हें न्याय दिलाने के लिए मिलकर संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी, विजय रतूड़ी आदि रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *