ऋषिकेश/टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में थाना मुनि की रेती क्षेत्र की शिवपुरी पुलिस चौकी के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। इस घटना से पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा शनिवार देर रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो वाहन से मुनि की रेती थाना क्षेत्र से शिवपुरी पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को काफी देर बाद मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची तथा खाई में गिरे वाहन से विनोद शर्मा को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। विनोद कुमार शर्मा उत्तराखंड पुलिस के एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माने जाते थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद शर्मा अपने शांत स्वभाव, विनम्र व्यवहार और मृदुल भाषा के लिए जाने जाते थे। यही कारण था कि वह पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनता के बीच भी काफी लोकप्रिय थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही रानीपोखरी क्षेत्र सहित पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार का पुलिस सेवा से गहरा जुड़ाव रहा है और उनके एक भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। Post navigation सेलाकुई में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, ₹40 लाख का चोरी का सामान बरामद देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: सिटी बस ने 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत, कई गंभीर घायल