देहरादून। उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए चार आईएएस, दो पीसीएस और एक सचिवालय सेवा अधिकारी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ परियोजना निदेशक, उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट (यू-प्रिपेयर) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं, आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा परियोजना निदेशक यू-प्रिपेयर के पद से मुक्त करते हुए अपर सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

आईएएस अधिकारी झरना कामठान को उनके वर्तमान पदभार के साथ अपर सचिव पेयजल विभाग और निदेशक स्वजल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा, आईएएस प्रकाश चंद को अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम तथा आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखंड के पदों से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग नियुक्त किया गया है।

पीसीएस अधिकारियों में सुंदरलाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन के साथ-साथ अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम एवं आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखंड का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

इसी प्रकार, पीसीएस अधिकारी स्मृता परमार को उनके वर्तमान पदभार के साथ अपर जिलाधिकारी देहरादून का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह को अपर सचिव समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार पिछले कुछ समय से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के दायित्वों में लगातार बदलाव कर रही है। इसी क्रम में यह नया फेरबदल किया गया है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *