देहरादून। राजधानी देहरादून में करोड़ों रुपये के बैंक घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में वर्ष 2013 से 2016 के बीच हुए वित्तीय अनियमितताओं और गबन के मामले में पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का लोन स्वीकृत कराकर बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

फॉरेंसिक ऑडिट में सामने आया करोड़ों का घोटाला

मामले का खुलासा तब हुआ जब अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा के वर्तमान प्रबंधक रिंकू गौतम ने कोतवाली नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बैंक स्तर पर कराए गए फॉरेंसिक ऑडिट के दौरान वर्ष 2013 से 2016 के बीच बैंक के लेखा अभिलेखों और लेजर प्रविष्टियों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं।

ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह ने बैंक के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी प्रविष्टियां कीं और धोखाधड़ी के जरिए धनराशि का गबन किया।

20 जेसीबी मशीनों के नाम पर स्वीकृत कराया 4.80 करोड़ का फर्जी लोन

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 20 जेसीबी मशीनों की खरीद दिखाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से करीब 4 करोड़ 80 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। इसके बाद उक्त धनराशि का दुरुपयोग करते हुए बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

जांच में यह भी पाया गया कि बैंक के रिकॉर्ड में कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोन प्रक्रिया को वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

मुख्य आरोपी महाबीर सिंह गिरफ्तार

मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महाबीर सिंह (74 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नालापानी चौक स्थित बाबा विहार, तपोवन रोड का निवासी है और घटना के समय बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात था।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच आगे बढ़ने के साथ घोटाले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *