देहरादून। सचिव आवास ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत संचालित आवासीय परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सख्त रुख अपनाया है। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों में चल रही अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप (AHP) परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में निर्माण कार्यों की गति, परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी समीक्षा के दौरान कुछ परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर सचिव आवास ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और डेवलपर्स पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण अंतिम चरण में है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर पात्र लाभार्थियों को मकानों का कब्जा सौंपा जाए। 15 अगस्त 2026 की तय की गई समय-सीमा बैठक में सभी डेवलपर्स और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत संचालित सभी आवासीय परियोजनाओं का निर्माण 15 अगस्त 2026 से पहले पूरा किया जाए। सचिव ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं किया गया तो संबंधित डेवलपर्स के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धौलास आवासीय परियोजना में आवंटन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश सचिव आवास ने एमडीडीए (MDDA) के अधिकारियों को धौलास आवासीय परियोजना में आवास आवंटन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि हजारों परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय पर अपने घर का लाभ मिल सके। समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य प्रशासक दिनेश प्रताप सिंह, उप सचिव आवास धीरेन्द्र रावत, अधिशासी अभियंता विनोद कुमार चौहान, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता आकांक्षा चौहान, आवास विशेषज्ञ रोहित रंजन सहित विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े डेवलपर्स और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। Post navigation कैसी चाहिए खेल नीति, 30 जुलाई तक बताइए: रेखा आर्या चमोली को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने ₹155.36 करोड़ की 63 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास